कांग्रेस ने किया भारत बंद का आह्वान

दुकानदारों से की कल प्रतिष्ठान बंद रखने का अपील
शहडोल। पिछले एक महीने में पेट्रोल-डीजल और गैस सिलेंडर के दामों में भारी वृद्धि से एक ओर जहां आम लोग त्रस्त हैं, वहीं कांग्रेस अब इस मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी में है। बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेस ने 20 फरवरी को आधे दिन के लिए बंद की अपील की है। कांग्रेस अध्यक्ष आजाद बहादुर सिंह ने बताया कि आज शाम 6 बजे मशाल जुलूस निकालकर 20 फरवरी को व्यापारियों से शांतिपूर्ण बंद की अपील की जाएगी। बंद के दौरान हॉस्पिटल, डिस्पेंसरी, पेट्रोल पंप, शिक्षण संस्थान को बंद से मुक्त रखा जाएगा।
आज मांगेंगे समर्थन
पेट्रोल-डीजल और गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस शनिवार को प्रदर्शन करेगी। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने 20 फरवरी को प्रदेश में आधे दिन के बंद का आह्वान किया है। इस दौरान आवश्यक वस्तुओं को छोड़कर प्रदेश में सभी कुछ बंद करने की बात कांग्रेस ने कही है। यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता इसके लिए अभियान चला रहे हैं। आज दिन भर कार्यकर्ता मार्केट में घूम-घूमकर व्यापारियों से अपनी दुकानें बंद रखने का आह्वान करेंगे। इसके साथ ही उनसे बंद के समर्थन में सहमति भी ली जा रही है।
सरकार को जगाने का प्रयास
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि पेट्रो पदार्थों की बढ़ती कीमतों से जनता परेशान हो रही है। सरकार जनता को राहत पहुंचाने के बजाय टैक्स वसूली में लगी है। सरकार के खिलाफ और आम लोगों को राहत देने के इरादे से कांग्रेस ने 20 फरवरी को बंद का आह्वान किया है। मैं सबसे अपील करता हूं कि इस बंद में शामिल होकर सरकार को जगाने में साथ दें। यह पूरी तरह से शांतिपूर्ण रहेगा। व्यापारियों से इसके समर्थन में बंद करने का अनुरोध करेंगे। हमने आवश्यक वस्तुओं और सेवाओं को बंद से बाहर रखा है। सिर्फ किराने, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक और अन्य तरह के दुकानदारों से अपना कारोबार शनिवार दोपहर बंद रखने के लिए कह रहे हैं।
जन-जन का आंदोलन
पेट्रोल-डीजल एवं गैस सिलेंडर की बेलगाम कीमतों ने प्रदेश के हर वर्ग, हर व्यक्ति एवं हर परिवार का जीना मुश्किल कर दिया है। पेट्रोल-डीजल एवं गैस सिलेंडर के दामों की वृद्धि एवं अनियंत्रित महंगाई के खिलाफ 20 फरवरी का यह आंदोलन जन-जन का आंदोलन है। कांग्रेस नेता सुभाष गुप्ता ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के आह्वान पर किया जा रहा यह बंद पूरी तरह से शांतिपूर्ण होगा। दूध, अखबार, दवा दुकानों एवं अस्पतालों को इस बंद से मुक्त रखा जाएगा।
बंद का समर्थन करने का आग्रह
कांग्रेस कार्यकर्ता 19 फरवरी को सरकारी एवं निजी दफ्तरों, शासकीय एवं निजी शिक्षण संस्थानों से भी 20 फरवरी को बंद का समर्थन करने का विनम्रता पूर्वक आग्रह करेंगे। कॉलोनियों, मोहल्लों एवं अन्य रहवासी क्षेत्रों में जाकर भी 20 फरवरी को दोपहर 2 बजे तक यदि बेहद जरुरी न हो तो अपनी कार एवं दोपहिया वाहन घरों से नहीं करने का अनुरोध किया जाएगा। व्यावसायिक (ट्रक, बस, टैक्सी, ऑटोरिक्शा) वाहन मालिकों से भी एक दिन पूर्व संपर्क कर 20 फरवरी को दोपहर दो बजे तक अपने वाहन नहीं चलाने का अनुरोध किया जाएगा।